Explainer: सभी मौजूदा पैन कार्डहोल्डर ऑटोमेटिक रूप से पैन 2.0 अपग्रेड के लिए पात्र हैं। पैन 2.0 उन सभी खामियों को भी बंद कर देगा जो धोखाधड़ी के लिए पैन कार्ड के दुरुपयोग की अनुमति देते हैं।

हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 1,435 करोड़ रुपये के खर्च के साथ पैन 2.0 प्रोजेक्ट को मंजूरी दी। सभी मौजूदा पैन कार्डहोल्डर ऑटोमेटिक रूप से पैन 2.0 अपग्रेड के लिए पात्र हैं। डायनेमिक क्यूआर कोड और सभी पैन-संबंधित सेवाओं जैसे अपडेटिंग, सुधार और आधार-पैन लिंकिंग के लिए एक केंद्रीकृत पोर्टल बना है। इसे पैन कार्ड की उपयोगिता में सुधार के लिए डिजाइन किया गया है।
नए क्यूआर कोड वाले पैन कैसे मिलेंगे
नए क्यूआर कोड वाले पैन के लिए मौजूदा पैन कार्ड धारकों को आयकर विभाग के एकीकृत पोर्टल पर लॉग इन करना होगा और अपनी आईडी और एड्रेस प्रूफ अपलोड करना होगा। ई-पैन 2.0 सभी करदाताओं को नि: शुल्क दिया जाएगा। जो लोग फिजिकल पैन 2.0 कार्ड चाहते हैं, उन्हें 50 रुपये का शुल्क देना होगा।
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने इस बारे में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (एफएक्यू) में कहा, ‘अगर मौजूदा पैन धारक अपने मौजूदा पैन विवरण जैसे ईमेल, मोबाइल या पता या डेमोग्राफिकल चेंजेज जैसे नाम, जन्मतिथि आदि में कोई सुधार या अपडेशन करना चाहते हैं, तो वे पैन 2.0 प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद मुफ्त में ऐसा कर सकते हैं।
बयान में कहा गया है, “जब तक पैन 2.0 लागू नहीं हो जाता, तब तक पैन धारक ईमेल, मोबाइल और पते को मुफ्त में अपडेट करने के लिए आधार आधारित ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
पैन 2.0 से धोखाधड़ी होने के चांस कम
पैन 2.0 उन सभी खामियों को भी बंद कर देगा जो धोखाधड़ी के लिए पैन कार्ड के दुरुपयोग की अनुमति देते हैं। ऐसे मामले सामने आए हैं जहां कार्ड-धारकों ने धोखेबाजों द्वारा ऋण लेने, क्रेडिट कार्ड जारी करने आदि के लिए अपने पैन नंबर का हवाला देने के बाद खुद को ठगा हुआ पाया है।
इससे बचाव के लिए प्रोटोकॉल मौजूद हैं। फिर भी आईडी चेक फुलप्रूफ नहीं हैं और पैन डिटेल्स गोपनीय रखना मुश्किल है। कई निजी सेवाएं जो कमजोर रूप से विनियमित हैं, जैसे कि फर्नीचर रेंटल ऐप, नियमित रूप से अपने ग्राहकों के पैन विवरण एकत्र करते हैं।
साइबर सुरक्षा के दावों के बावजूद इन डेटाबेस में लीक और उल्लंघनों का खतरा है। पैन कार्ड को आधार आईडी से जोड़ना धोखाधड़ी के जोखिमों को कम करने में मदद की है।
